लार्ड्स में विश्व कप ट्राफी उठाना है मेरा भारतीय वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लार्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर विश्व कप ट्राफी चूमने वाला दूसरा भारतीय कप्तान बनने की ख्वाहिश जताई है।
धोनी ने अपने सपने का खुलासा करते हुए कहा कि वह अगले साल इंग्लैंड में होने वाले दूसरे टवंटी-20 विश्व कप का विजेता बनकर कपिल देव की तरह लार्ड्स का चैंपियन बनना चाहते हैं। गौरतलब है कि कपिल की अगुवाई में भारत ने 1983 का वनडे विश्व कप लार्ड्स के मैदान पर ही वेस्ट इंडीज की दिग्गज टीम को हराकर जीता था।
हालांकि धोनी के नेतृत्व में भारत गत वर्ष दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले ट्वंटी20 विश्व कप का विजेता रहा था लेकिन धोनी अगले साल लार्ड्स में यह कारनामा दोहराना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'निश्चित रूप से मैं ऐसा करना चाहूंगा, लेकिन इसके लिए टीम के हरेक सदस्य को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाना होगा।'
धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति में कहा, 'टीम ही कि सी कप्तान को बढ़िया बनाती है और मैं पूरी टीम में जिम्मेदारी और दबाव को बांटना चाहूंगा। लार्ड्स में विश्व कप ट्राफी उठाना मेरा सपना है, लेकिन यह टीम के समग्र खेल से ही संभव हो सकेगा। हालांकि मैं अभी उतना दूर नहीं देखना चाहता।'
भारतीय कप्तान ने कहा कि इंगलैंड में बड़ी संख्या में रहने वाले भारतीयों की मौजूदगी से भी टीम का मनोबल बढे़गा। इस अवसर पर उन्होंने पिछले टवंटी20 विश्व कप की खिताबी जीत को याद करते हुए कहा, 'यह एक ऐसा क्षण था जिसे मैं अपनी पूरी जिंदगी याद रखूंगा। हम टूर्नामेंट में छुपे रूस्तम के रूप में गए थे और किसी को भी हमसे जीत की उम्मीद नहीं थी। |